गया के विष्णुपद मंदिर में महिला चोर गैंग का आतंक, 150 पुलिसकर्मी भी नहीं रोक पाए चोरी; 18 लाख के गहने गायब

Reena Sharma
5 Min Read

गया जी के विष्णुपद मंदिर और देवघाट पर कार्तिक पूर्णिमा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के दावों की पोल अंतरराज्यीय महिला चोर गिरोह ने खोल दी। 30 से अधिक स्थानों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती, 150 पुलिसकर्मियों, 18 निजी सुरक्षा गार्ड और 24 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बावजूद सोमवार और मंगलवार (23 व 24 नवंबर) को चोर गिरोह ने एक दर्जन से अधिक महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र उड़ा लिए। औसतन डेढ़ लाख रुपये प्रति गहने के हिसाब से करीब 18 लाख रुपये की चोरी का अनुमान है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांच महिला आरोपितों को गिरफ्तार किया है, लेकिन चोरी के गहनों की बरामदगी नहीं हो सकी है।

30 मजिस्ट्रेट और 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती भी रही बेअसर

कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार ने सिटी एसपी अभिनय, नगर आयुक्त डॉ. गगन, सदर एसडीओ अनिल कुमार रमन, सिटी डीएसपी सरोज कुमार शाह और विष्णुपद थानाध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण के साथ मंदिर परिसर, देवघाट और रबर डैम का निरीक्षण किया था।

इसके बाद संयुक्त आदेश जारी कर 30 से अधिक स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। 23 नवंबर को कई महिलाओं की चेन चोरी होने की शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने अगले दिन सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करते हुए पुलिसकर्मियों की संख्या करीब 60 से बढ़ाकर 150 कर दी। मंदिर प्रबंधन की ओर से भी छह अतिरिक्त निजी सुरक्षा गार्ड लगाए गए। इसके बावजूद 24 नवंबर को भी महिला चोर गिरोह ने श्रद्धालुओं को निशाना बनाया।

ब्लेड से चेन काटने के साथ दांतों से भी करती थीं चोरी

पुलिस की जांच में महिला चोर गिरोह के संगठित तरीके से काम करने की बात सामने आई है। इस गिरोह में पश्चिम बंगाल के आसनसोल और कोलकाता, उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार के नालंदा और रोहतास की महिलाएं शामिल बताई जा रही हैं। ये महिलाएं आम श्रद्धालुओं की तरह मंदिर के गर्भगृह, कतारों और देवघाट की भीड़ में शामिल हो जाती थीं।

भीड़ का फायदा उठाकर ब्लेड से महिलाओं की सोने की चेन, मंगलसूत्र और पर्स काटकर गायब कर देती थीं। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक हैरान करने वाला तरीका भी सामने आया है। एक महिला आरोपित ने बिना किसी औजार के अपने दांतों से ही श्रद्धालु के गले से सोने की चेन काट ली।

चोरी के कुछ सेकंड बाद ही दूसरी महिला को सौंप देती थीं गहने

गिरोह की सबसे शातिर चाल यह थी कि वारदात के बाद महिलाएं चोरी किए गए गहने अपने पास नहीं रखती थीं। मंगलसूत्र या चेन काटने के कुछ ही सेकंड के भीतर चोरी का सामान गिरोह की दूसरी महिला सदस्य को सौंप दिया जाता था। इसके बाद वह साथी भीड़ से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच जाती थी। इसी तरीके के कारण गिरफ्तार महिलाओं के पास से चोरी के गहने बरामद नहीं हो सके। पुलिस को उनके पास से ब्लेड और कुछ नकदी ही मिली है।

पांच महिला आरोपित गिरफ्तार, सात प्राथमिकी दर्ज

विष्णुपद थानाध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दौरान चेन और मंगलसूत्र चोरी के मामले में अब तक सात प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस ने पांच महिला आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें पश्चिम बंगाल के आसनसोल की दो, नालंदा जिले के एकंगरसराय की दो और रोहतास जिले के तिलौथू की एक महिला शामिल है। इनके पास से ब्लेड और कुछ नकदी बरामद हुई है। आरोपित महिलाओं के खिलाफ दारोगा के बयान पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।

मंदिर समिति ने बताया, पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं

श्रीविष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शंभु लाल विट्ठल ने बताया कि बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान मंदिर में भारी भीड़ उमड़ती है। पितृपक्ष मेले के दौरान भी चोरी से जुड़े 12 से अधिक मामले दर्ज हुए थे और 50 से ज्यादा अपराधियों को जेल भेजा गया था।उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में 24 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और सभी चालू हैं। चेन और मंगलसूत्र चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने कई घंटों तक फुटेज खंगाले और कुछ महिला आरोपितों की पहचान की। हालांकि, इसके बाद पुलिस ने क्या कार्रवाई की, इसकी जानकारी मंदिर समिति को नहीं है।

Share This Article