जुगसलाई में आधी रात बुलडोजर एक्शन से हड़कंप, 50 हजार चोरी और थाने में सुनवाई न होने का आरोप

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत नया बाजार में चल रहे जमीन विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। विवादित परिसर में आधी रात बुलडोजर चलाकर तोड़फोड़ करने, दुकान से 50 हजार रुपये गायब होने और कथित तौर पर जब्त बुलडोजर को थाने से छोड़ दिए जाने के गंभीर आरोपों के बीच पीड़ित पक्ष ने अब एसएसपी कार्यालय का रुख किया है। नया बाजार के बेस्ट रोड निवासी संतोष कुमार ठाकुर ने शिकायत कोषांग में आवेदन देकर न्याय की मांग की है।

क्या है पूरा मामला और कानूनी पहलू?
शिकायतकर्ता संतोष कुमार ठाकुर के अनुसार, नया बाजार स्थित खाता संख्या 206, प्लॉट संख्या 487 व 488 और मकान संख्या 43 वाली संपत्ति को लेकर उनका मुन्नी देवी और किरण देवी के साथ विवाद चल रहा है। इस मामले में 2023 में जमशेदपुर सिविल न्यायालय में मूल वाद संख्या 154/2023 दाखिल किया गया था।

पीड़ित का दावा है कि संपत्ति में किसी भी तरह के दखल या बदलाव पर रोक लगाने संबंधी निषेधाज्ञा का आदेश न्यायालय से मिला हुआ है और यह मामला प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश, पूर्वी सिंहभूम की अदालत में अपील के स्तर पर भी विचाराधीन है। इसके बावजूद 24 नवंबर की मध्यरात्रि लगभग 12 बजे बुलडोजर की मदद से ढांचे को नुकसान पहुंचाया गया।

थाने की भूमिका पर सवाल और वीडियो सबूत का दावा
संतोष ठाकुर ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद जब्त किए गए बुलडोजर को कथित रूप से थाने से छोड़ दिया गया और स्थानीय स्तर पर उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण उन्हें बुधवार को जुगसलाई थाना में आवेदन देने के बाद एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज करानी पड़ी।

आवेदन में मुन्नी देवी और किरण देवी के अलावा ज्ञान चौधरी, प्रवीण गोस्वामी, पूजा गोस्वामी, दिनु पांडेय, दिनेश पांडेय, संजय पांडेय, महावीर और अन्य लोगों को आरोपित किया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि संपत्ति में चल रही उनकी दुकान से 50 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए और पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। फिलहाल इस प्रकरण में दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आ सकी है।

Share This Article