दुमका में साइबर ठगी के नेटवर्क पर पुलिस का प्रहार, तीन आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल में मिले संदिग्ध ऐप

Reena Sharma
4 Min Read

मसलिया। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मसलिया थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव निवासी राजा बाबू अंसारी, चांद बाबू शेख और छोटू अंसारी के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ मसलिया थाना कांड संख्या 61/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

संदिग्ध एप और सिम सहित मोबाइल फोन जब्त

थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 340(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(सी) और 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी के दौरान तीनों को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपियों के पास से सिम सहित मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। मोबाइल में संदिग्ध एप्लिकेशन इंस्टॉल पाया गया है।

पुलिस की छापेमारी से बचने के लिए बदला ठिकाना

थाना प्रभारी राजेश रंजन के अनुसार, आरोपी पहले अपने गांव पिंडारी और सारठ क्षेत्र में रहकर साइबर ठगी की गतिविधियों को अंजाम देते थे। वहां लगातार पुलिस की छापेमारी होने के कारण उन्होंने अपना ठिकाना बदल लिया था। पुलिस से बचने के लिए वे पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी और दुमका से सटे सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय हो गए थे।

बस से पहुंचकर सुनसान जगहों पर करते थे ठगी

आरोपी बस से जामताड़ा-दुमका मार्ग पर पहुंचते थे और सड़क किनारे सुनसान जगहों पर बैठकर कथित तौर पर साइबर ठगी करते थे। काम पूरा करने के बाद वहां से निकल जाते थे, ताकि किसी को उनकी गतिविधियों पर संदेह न हो।

नेटवर्क के अन्य संदिग्धों के नाम भी आए सामने

पुलिस जांच में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, पिंडारी निवासी गौहर अंसारी और तकसीम अंसारी को इस नेटवर्क का कथित मुख्य संचालक बताया जा रहा है। वहीं, कपसा निवासी अफरोज अंसारी और पालोजोरी थाना क्षेत्र के महुआडाबर निवासी जियाउल अंसारी पर आरोपियों को साइबर गतिविधियों के लिए आईडी उपलब्ध कराने का संदेह है। इसके अलावा सारठ निवासी सद्दाम शेख की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, वह कथित तौर पर खातों में ठगी की रकम मंगवाने, नकद निकासी कराने और राशि संबंधित लोगों के परिजनों तक पहुंचाने का काम करता था।

पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। साइबर ठगी में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे छापेमारी और कानूनी कार्रवाई की तैयारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी में एसआई सुभान मुर्मू, प्राण टुडू, मंगल उरांव सहित पुलिस बल के जवान मौजूद थे।

Share This Article