डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत घाटशिला प्रखंड में चल रही मतदाता सूची सुधार की प्रक्रिया का जायजा लेने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन खुद मैदान में उतरे। उन्होंने विभिन्न सुनवाई केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ-साथ सीधे मतदाताओं से संवाद कर जमीनी हकीकत को परखा। निरीक्षण के दौरान डीसी ने बूथ लेवल ऑफिसर्स द्वारा किए जा रहे ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ की प्रक्रिया की बारीकी से जांच की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सत्यापन कार्य में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर एक पात्र मतदाता की जानकारी पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ दर्ज होनी चाहिए ताकि फाइनल वोटर लिस्ट में कोई गलती न बचे।

दावा-आपत्तियों के त्वरित निपटारे के निर्देश
उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह की मौजूदगी में डीसी ने संबंधित इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अधिकारियों और असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अब तक मिले आवेदनों और उनके निष्पादन की गति की समीक्षा करते हुए सभी मामलों का समयसीमा के भीतर निपटारा करने को कहा।
डीसी की मतदाताओं से अपील
अभियान का मुख्य मकसद एक त्रुटिरहित और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है। डीसी राजीव रंजन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे वोटर लिस्ट में अपने और अपने परिवार के नाम व अन्य विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें। अगर सूची में किसी तरह की कोई गड़बड़ी या आपत्ति है, तो वे बिना किसी परेशानी के तयशुदा सुनवाई केंद्र पर जाकर अपना आवेदन दर्ज करा सकते हैं।

