चेतावनी बेअसर तो चला बुलडोजर: जमशेदपुर में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन का कड़ा रुख

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ जिला प्रशासन का हंटर लगातार चल रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित स्टार टॉकीज के पास, आशीर्वाद होटल के पीछे एक बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अनुमंडल प्रशासन के निर्देश के अनुसार की गई इस कार्रवाई में चिन्हित की गई कुल 17 दुकानें और अन्य अस्थायी निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया।

टाटा स्टील की शिकायत पर हुई कार्रवाई
​प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित लीज भूमि पर अवैध अतिक्रमण को लेकर टाटा स्टील की तरफ से प्रशासन को औपचारिक आवेदन दिया गया था। इसके बाद अतिक्रमणवाद से जुड़े मामले में पारित आदेश के आधार पर सभी संबंधित दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस जारी कर स्वेच्छा से कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय सीमा के भीतर जब कब्जा नहीं हटाया गया, तब प्रशासनिक अमला हरकत में आया।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में टूटा अवैध कब्जा
​मंगलवार को निर्धारित योजना के तहत दंडाधिकारी, राजस्व विभाग के अधिकारियों और भारी पुलिस बल की टीम मौके पर पहुंची। किसी भी संभावित विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक टीम ने पूरी सख्ती के साथ क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माणों को हटाकर जमीन को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया।

साकची में भी जल्द होगी कार्रवाई
​प्रशासन ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी और लीज भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ यह अभियान थमने वाला नहीं है। आने वाले दिनों में नियमों के अनुसार ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन की ओर से जारी अगली सूची के अनुसार, अब साकची क्षेत्र में भी विभिन्न अतिक्रमणवाद मामलों में पारित आदेशों के तहत सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। इसके लिए संबंधित राजस्व अधिकारियों को मौके पर मुस्तैद रहकर दंडाधिकारियों को पूरा सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article