​जमशेदपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: हथियार के साथ कुख्यात अपराधी अनूप चक्रवर्ती गिरफ्तार, हत्या-लूट जैसे 17 मुकदमे दर्ज

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:बागबेड़ा थाना क्षेत्र के वायरलेस मैदान में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे एक कुख्यात अपराधी को पुलिस ने धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी पश्चिम बंगाल के आनंद नगर का रहने वाला अनूप चक्रवर्ती उर्फ अनूप बंगाली है, जो वर्तमान में बागबेड़ा स्थित साईं मंदिर के पास रह रहा था।

लंबा आपराधिक इतिहास
​सिटी एसपी ललित मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अनूप चक्रवर्ती का पुराना और संगीन आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, लूटपाट और हत्या जैसे गंभीर मामलों सहित कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं।

ऐसे हुई गिरफ्तारी
​पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अनूप 1 अक्टूबर की रात वायरलेस मैदान में अवैध हथियार के साथ किसी वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विधि-व्यवस्था डीएसपी सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
​टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वायरलेस मैदान की चारों तरफ से घेराबंदी की और अनूप को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा गोली मिली। शुक्रवार को पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Advertisement

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
​इस सफल अभियान में डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार, जेवियर होरो समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share This Article