धनबाद। धनबाद मंडल में बड़े पैमाने पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 नवंबर 2026 को धनबाद मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह टिकट चेकिंग अभियान सुनियोजित कार्यक्रम के तहत दिन-रात चलाया गया। इस जांच अभियान के परिणामस्वरूप कुल 461 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले और बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री शामिल थे।
461 यात्रियों से वसूला गया 4,16,650 रुपये जुर्माना
टिकट जांच अभियान के दौरान पकड़े गए यात्रियों से जुर्माने के रूप में कुल 4,16,650 रुपये की राशि प्राप्त की गई। साथ ही पकड़े गए यात्रियों को उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी गई।
स्टेशनों और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में भी हुई जांच
चेकिंग टीमों द्वारा विभिन्न स्टेशनों के साथ-साथ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सघन जांच की गई। इस दौरान बिना टिकट और अनियमित तरीके से यात्रा करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई की गई।
अनारक्षित टिकट काउंटरों पर उमड़ी यात्रियों की भीड़
टिकट जांच अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ देखी गई। अभियान के कारण यात्रियों ने टिकट लेकर यात्रा करने को प्राथमिकता दी।
आगे भी जारी रहेगा टिकट जांच अभियान
धनबाद मंडल द्वारा निरंतर टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी यह जारी रहेगा। धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल यात्रियों को उचित टिकट के साथ ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करने की सलाह देता है। साथ ही यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने पास उपलब्ध टिकट की श्रेणी के अनुसार ही यात्रा करें।

