बोकारो डीसी के नाम पर साइबर ठगों का नया खेल, व्हाट्सएप के बाद फेसबुक पर भी बनाई फर्जी आईडी।

Reena Sharma
3 Min Read

बोकारो। साइबर अपराधियों ने बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा की पहचान का दुरुपयोग करते हुए व्हाट्सएप और फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बना लिये हैं। 16 नवंबर को डीसी के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाये जाने का मामला सामने आया था।

इसके अगले ही दिन 17 नवंबर को फेसबुक पर भी उनके नाम और आधिकारिक तस्वीर से फर्जी प्रोफाइल बनायी गयी। जिला जनसंपर्क कार्यालय ने दोनों मामलों को लेकर अलग-अलग विज्ञप्ति जारी कर लोगों को सतर्क किया है।

व्हाट्सएप पर फर्जी अकाउंट, इस नंबर से भेजे जा रहे संदेश

जिला प्रशासन के अनुसार, 16 नवंबर को साइबर अपराधियों ने डीसी अजय नाथ झा की तस्वीर का इस्तेमाल कर मोबाइल नंबर +91 9739811309 से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया। इस नंबर के माध्यम से अधिकारियों और आम नागरिकों को संदेश भेजे जाने की जानकारी सामने आयी है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह नंबर उपायुक्त का आधिकारिक संपर्क नंबर नहीं है। डीसी बोकारो का आधिकारिक संपर्क नंबर 9470526005 है। प्रशासन ने लोगों से फर्जी नंबर से आने वाले संदेशों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।

फेसबुक पर भी डीसी के नाम से बनाई फर्जी प्रोफाइल

इसी तरह 17 नवंबर को फेसबुक पर भी डीसी के नाम और आधिकारिक तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी प्रोफाइल बनायी गयी। इस अकाउंट से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस फर्जी प्रोफाइल का उपायुक्त से कोई संबंध नहीं है।

संदिग्ध संदेश, लिंक और फ्रेंड रिक्वेस्ट से रहें सावधान

जिला प्रशासन ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों से अपील की है कि डीसी के नाम या तस्वीर से बने किसी अनधिकृत सोशल मीडिया अकाउंट से आने वाले संदेशों और फ्रेंड रिक्वेस्ट के प्रति सतर्क रहें। यदि ऐसे अकाउंट से पैसे मांगे जाते हैं, कोई प्रलोभन दिया जाता है या संदिग्ध लिंक भेजा जाता है, तो उस पर प्रतिक्रिया न दें।

प्रशासन ने ऐसे अकाउंट को ब्लॉक करने और संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करने की सलाह दी है। साथ ही, अनजान व्यक्तियों के साथ बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी और अन्य निजी विवरण साझा नहीं करने को कहा है।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत

प्रशासन ने साइबर ठगी का शिकार होने या ठगी के प्रयास की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की अपील की है। इसके अलावा आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in या नजदीकी थाना एवं साइबर थाना में शिकायत दर्ज करायी जा सकती है।

जिला प्रशासन के अनुसार, दोनों फर्जी अकाउंट से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया गया है। लोगों से अपील की गयी है कि किसी भी संदिग्ध संदेश या सोशल मीडिया गतिविधि पर भरोसा करने से पहले संबंधित व्यक्ति या कार्यालय से आधिकारिक पुष्टि जरूर कर लें।

Share This Article