जल जीवन मिशन की धीमी रफ्तार पर डीडीसी सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई

Reena Sharma
2 Min Read

उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने मंगलवार को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, हर घर जल, जल जीवन मिशन एवं ओडीएफ प्लस के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने धीमी प्रगति और लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

सेग्रिगेशन शेड निर्माण में तेजी का निर्देश

जिले में 256 सेग्रिगेशन शेड का निर्माण होना है। कार्य में लापरवाही और मॉनिटरिंग में कमी पर तोपचांची के कनीय अभियंता को छोड़कर अन्य सभी कनीय अभियंताओं के एक माह के वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया। अगले एक माह में 60 सेग्रिगेशन शेड पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया।

जिला समन्वयक को शो-कॉज

कार्य में लापरवाही बरतने पर एक जिला समन्वयक को शो-कॉज जारी करने का निर्देश दिया गया। डीडीसी ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Advertisement

ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता

डीडीसी ने कहा कि ग्रामीणों को नियमित और सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जल जीवन मिशन की योजनाओं को समय पर पूरा कर ग्रामीण परिवारों तक पेयजल पहुंचाने का निर्देश दिया।

लंबित कार्यों और भुगतान की समीक्षा

बैठक में पाइपलाइन, सिविल वर्क, मशीनरी की उपलब्धता और लंबित भुगतान की समीक्षा की गई। लंबित भुगतान व कार्यों का समयबद्ध निष्पादन, डुप्लीकेशन रोकने और पूर्ण योजनाओं का समय पर हैंडओवर करने को कहा गया।

फील्ड विजिट कर गुणवत्ता जांचने का निर्देश

डीडीसी ने स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। बीडीओ, मुखिया, प्रमुख और जिला परिषद सदस्यों के साथ समन्वय कर नियमित फील्ड विजिट एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का सत्यापन करने का निर्देश दिया। बैठक में पीएचईडी-2 के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल, जिला एवं प्रखंड समन्वयक तथा पीएमयू टीम के सदस्य मौजूद थे।

Share This Article