जामताड़ा के बिंदापाथर थाना क्षेत्र में गुरुवार को विश्वकर्मा पूजा के उत्साह के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नाला-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर पातुलिया-बारघरिया के पास बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में फतेहपुर थाना क्षेत्र के आसनबेड़िया निवासी रॉबिन मोहली (30) की मौके पर ही मौत हो गई।
अनियंत्रित बाइक सीधे पेड़ से टकराई
हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। रॉबिन हीरो एचएफ डीलक्स बाइक से नाला-जामताड़ा मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। पातुलिया-बारघरिया के पास बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर में बाइक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम को भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी विनय कुमार यादव टीम के साथ पहुंचे, घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
पूजा की खुशियां बदलीं मातम में
विश्वकर्मा पूजा को लेकर इलाके में उत्साह था, लेकिन हादसे की खबर फैलते ही माहौल गमगीन हो गया। आसनबेड़िया गांव में खबर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गया रॉबिन
रॉबिन बाहर रहकर मजदूरी करता था और परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी, तीन छोटे पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है। मौत के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
थाना प्रभारी के अनुसार प्रथम दृष्टया बाइक अनियंत्रित होने से हादसा होने की बात सामने आ रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद चलेगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

