डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : झारखंड के गढ़वा जिले में वाहन चोरों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिरों को दबोच लिया है। इनकी निशानदेही पर बिहार के सासाराम स्थित ताराचंडी मंदिर की पार्किंग से चोरी गया महिंद्रा ट्रैक्टर और झारखंड-बिहार के अलग-अलग ठिकानों से बिना नंबर प्लेट की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
दुकान के बाहर से गायब हुआ था ट्रैक्टर
मामला गढ़वा थाना क्षेत्र के बेलचंपा का है। गत दो सितंबर को हूर गांव निवासी राजीव रंजन तिवारी की छड़-सीमेंट की दुकान के बाहर सड़क किनारे खड़ी महिंद्रा ट्रैक्टर (संख्या जेएच 14 के 6114) अज्ञात चोरों ने चुरा ली थी। पीड़ित की शिकायत पर गढ़वा थाने में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर एसडीपीओ दिलू लोहार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी।
सासाराम में ऐसे बिछाया जाल
विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर बिहार के रोहतास जिले की दरिगांव थाना पुलिस से संपर्क किया। संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सासाराम के प्रसिद्ध ताराचंडी मंदिर की पार्किंग में छापेमारी कर चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया। मौके से मुफस्सिल सासाराम थाना क्षेत्र के पचास्वा गांव निवासी रोहित कुमार (27) को गिरफ्तार कर लिया गया।
रोहित की निशानदेही पर खुले कई राज
गिरफ्तार रोहित कुमार से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने वाहन चोरी से जुड़े कई खुलासे किए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गढ़वा के मेराल थाना क्षेत्र के अटौला गांव और पलामू जिले के हुसैनाबाद इलाके में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने चोरी की तीन बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलें स्पलेंडर, सुपर स्पलेंडर और अपाचेबजब्त कर ली।
दो अन्य साथी भी धरे गए
रोहित की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने अटौला गांव से दो अन्य आरोपी सचिन चौधरी (20) और महेश चौधरी (26) को भी गिरफ्तार कर लिया।एसडीपीओ दिलू लोहार ने बताया कि इस गिरोह के एक अन्य फरार सदस्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इन बदमाशों की गिरफ्तारी से इलाके में हुई वाहन चोरी की अन्य वारदातों से भी पर्दा उठेगा।

