सुरक्षा व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा
बाघमारा। बीसीसीएल के ब्लॉक टू क्षेत्र स्थित जमुनिया हाईवॉल पेच में कोयले से जुड़ी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से शनिवार को सीआईएसएफ के डीआईजी राजीव मिश्रा एवं बीसीसीएल के जीएम सिक्योरिटी मो हाफिजूल कुरैशी ने संयुक्त रूप से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अवैध गतिविधियों वाले संवेदनशील स्थलों की पहचान की।
संवेदनशील स्थलों को बंद कराने पर जोर
अधिकारियों ने चिन्हित संवेदनशील स्थलों को पूरी तरह बंद कराने की रणनीति बनाई। नियमित गश्ती, कड़ी निगरानी और अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती के साथ समन्वित कार्रवाई के जरिए अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने पर जोर दिया गया। साथ ही क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्णय लिया गया, ताकि ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति न हो।
सीआईएसएफ और बीसीसीएल अधिकारियों ने बनाई संयुक्त रणनीति
मौके पर वरिष्ठ समादेष्टा अजय सिंह, समादेष्टा पीके त्रिपाठी, उप समादेष्टा पुष्पेन्द्र सिंह तनवर, सेक्टर कमांडर, एरिया कमांडर, कंपनी कमांडर, अतिरिक्त बल के जवान तथा बीसीसीएल के क्षेत्रीय अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया।

