डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई सनसनीखेज फायरिंग मामले में पुलिस ने महज 15 से 16 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करते हुए तीनों शूटरों को धर दबोचा है। राजस्थान एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और कोटा सिटी पुलिस ने मुंबई पुलिस से मिले पुख्ता इनपुट के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ट्रेन से इन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से दबोचे गए आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12939) में सवार होकर दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की योजना बना रहे थे। राजस्थान पुलिस की सतर्कता के चलते कोटा रेलवे स्टेशन पर ही इनकी ये चाल नाकाम कर दी गई और तीनों को धर दबोचा गया। अब इन्हें ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस को सौंपा जा रहा है।
कौन हैं ये शातिर शूटर?
फूल सिंह (17 वर्ष): हरियाणा के सोनीपत जिले के बड़ौदा थूथन का रहने वाला यह नाबालिग मजदूरी का काम करता था।
रेहान उर्फ सुक्का (18 वर्ष): सोनीपत के सदर थाना क्षेत्र स्थित ईदगाह कॉलोनी का रहने वाला है। इसके खिलाफ पहले से ही गोहाना में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। नौवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ने वाले रेहान के पिता ने स्पष्ट किया है कि यदि उनका बेटा इस अपराध में शामिल है, तो कानून उसे सख्त से सख्त सजा दे।
ऋतिक कुमार उर्फ रोशन (22 वर्ष): मूल रूप से बिहार के बेगूसराय का रहने वाला ऋतिक मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में रहकर रैपिडो (बाइक टैक्सी) चलाता था।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन की सुई
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए आरोपियों के तार कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हो सकते हैं। आरोपी रेहान कथित तौर पर गैंग से जुड़े अनिल पंडित के संपर्क में था। गौरतलब है कि इस हमले की जिम्मेदारी पहले ही सोशल मीडिया के जरिए अनिल पंडित और हरमन संधू द्वारा ली जा चुकी है।
क्या है पूरा मामला?
इस दुस्साहसिक हमले में गनीमत यह रही कि टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, इस अंधाधुंध फायरिंग में अभिनेता का ड्राइवर और एक अन्य राहगीर घायल हो गए थे, जिनका इलाज जारी है। पुलिस अब इन तीनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि इस साजिश के पीछे के अन्य चेहरों और मास्टरमाइंड का भी पर्दाफाश किया जा सके।

