डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : टाटा संस के नेतृत्व और नियंत्रण को लेकर उपजा आंतरिक मतभेद अब न्यायिक मंच पर पहुंच गया है। टाटा समूह की धर्मार्थ संस्था टाटा ट्रस्ट्स ने आगामी बोर्ड बैठक को टालने या रोकने के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया था, लेकिन अदालत ने फिलहाल कोई अंतरिम राहत देने से मना कर दिया है।
हाई कोर्ट का रुख और अगली तारीखें
मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने साफ किया कि निर्धारित बोर्ड बैठक को बाधित नहीं किया जाएगा। पीठ ने कहा कि आज कोई अंतरिम आदेश पारित नहीं किया जा रहा है, बैठक अपने तय शेड्यूल के अनुसार हो सकती है और आगे की स्थिति कोर्ट के आगामी फैसलों पर निर्भर करेगी। टाटा संस की बोर्ड मीटिंग 30 नवंबर को आयोजित होने जा रही है। बैठक में लिए जाने वाले सभी निर्णय बॉम्बे हाई कोर्ट के अंतिम या अगले आदेश के अधीन रहेंगे। इस मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी, 2027 के लिए तय की गई है।
विवाद की जड़ क्या है?
टाटा संस में सबसे बड़ी हिस्सेदारी रखने वाले टाटा ट्रस्ट्स का कहना है कि एन चंद्रशेखरन को दोबारा अध्यक्ष पद पर नियुक्त करने के लिए बोर्ड में ट्रस्ट्स के दोनों मनोनीत निदेशकों की सहमति जरूरी है। इन नामित निदेशकों में परिवार के मुखिया और टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा भी शामिल हैं। ट्रस्ट्स का मानना है कि यह पुनर्नियुक्ति समूह के गवर्नेंस नियमों के अनुरूप नहीं है। जानकारी के अनुसार, सुनवाई के दौरान टाटा ट्रस्ट्स के अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी ने दलील दी कि ये अधिकार नए नहीं हैं, बल्कि दशकों या करीब एक सदी से चले आ रहे हैं।
यह तनाव सितंबर में एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के बाद गहराया, जिसे लेकर नोएल टाटा की असहमति की खबरें सामने आई थीं। इसके बाद टाटा समूह से जुड़े सात चैरिटेबल ट्रस्टों में से दो ने इस फैसले को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी है।

