दुर्गापुर। पश्चिम बर्धमान जिले को विकास की नई दिशा देने और आम जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को दुर्गापुर में उच्चस्तरीय प्रशासनिक समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की विकास योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल आपूर्ति, पुनर्वास, औद्योगिक विस्तार और कानून-व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आम लोगों तक पहुंचना चाहिए और विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
1,000 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय दुर्गापुर और आसनसोल के बीच 1,000 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने का रहा। राज्य सरकार अपने कोष से इस अस्पताल का निर्माण कराएगी। यहां बर्न यूनिट, पीडियाट्रिक यूनिट समेत कई आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को अस्पताल निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया।
नई अस्पताल परियोजना तैयार होने तक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सेल और ईसीएल के अस्पतालों को राज्य सरकार के अधीन लाने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके तहत एमआरआई, एसएनसीयू और ब्लड बैंक जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं मार्च तक शुरू करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
पेयजल और पुनर्वास योजनाओं में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पेयजल व्यवस्था में कथित अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि 31 दिसंबर तक घरों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं करने वाली एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। वहीं, अमृत परियोजना के लंबित तीन टेंडरों की जांच का जिम्मा मंत्री अग्निमित्रा पाल को सौंपा गया।
विस्थापित परिवारों के पुनर्वास को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। प्रभावित परिवारों को 2 से ढाई कट्ठा जमीन और 10 लाख रुपये मुआवजा देने की बात कही गई है। इस प्रक्रिया को 31 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। पुनर्वास आवासों की गुणवत्ता में कथित गड़बड़ियों को लेकर संबंधित योजनाकारों और ठेकेदारों के खिलाफ जांच तथा एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
औद्योगिक विस्तार और स्थानीय युवाओं के रोजगार पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को जिले की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया। इसके तहत अड्डा की खाली पड़ी जमीनों को उद्योगों के लिए उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 3 जनवरी को उद्योगपतियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।
जिले के पांच आईटीआई संस्थानों को पीएम-सेतु योजना से जोड़कर युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण और कैंपस प्लेसमेंट का अवसर देने की पहल भी की गई। इसके अलावा कोयला एवं बालू के अवैध कारोबार, सिंडिकेट और कटमनी पर नियंत्रण, पुलिस और सीआईएसएफ के बीच बेहतर तालमेल तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में जिले को मजबूत बनाना लक्ष्य
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बर्धमान को स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने और योजनाओं की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल, जिलाधिकारी एस. पन्नाबलम, मंत्री अग्निमित्रा पाल, डॉ. अजय कुमार पोद्दार, विधायक जितेंद्र तिवारी, पार्थो घोष, कृष्णेंदु मुखर्जी, अरिजीत रॉय, लक्ष्मण चंद्र घोरुई और चंद्रशेखर बनर्जी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

