डिजिटल डेस्क।मिरर मीडिया: देश में बुनियादी ढांचे, रेलवे, रक्षा और निर्माण क्षेत्र में तेजी के बावजूद भारतीय इस्पात क्षेत्र एक नए संकट से जूझ रहा है। इस बार चुनौती मांग की कमी से नहीं, बल्कि सस्ते विदेशी स्टील की बाढ़ से है। अप्रैल से अगस्त 2026 के पांच महीनों के आंकड़ों ने उद्योग जगत की पेशानी पर बल डाल दिए हैं, क्योंकि इस दौरान भारत तैयार इस्पात के मामले में ‘शुद्ध आयातक’ की स्थिति में पहुंच गया है।

आंकड़ों की हकीकत: पांच महीनों में 29.5% उछला आयात
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच देश में तैयार इस्पात का आयात करीब 34.87 लाख टन दर्ज किया गया। पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले यह आंकड़ा 29.5 प्रतिशत ज्यादा है। इस कुल आयात में अकेले चीन की हिस्सेदारी लगभग 31.8 प्रतिशत रही, जिससे घरेलू उत्पादकों के बीच सस्ती कीमतों पर माल खपाए जाने को लेकर बेचैनी बढ़ गई है। व्यापारिक संगठनों का मानना है कि जब देसी कंपनियां अपनी उत्पादन क्षमता का विस्तार कर रही हैं, तब कम कीमतों पर आने वाला विदेशी स्टील स्थानीय उत्पादों के लिए कड़ी चुनौती बन रहा है।
आत्मनिर्भर भारत और रोजगार पर संभावित असर
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोंथालिया ने इस स्थिति को लेकर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को पत्र भेजा है। उनका कहना है कि मामला केवल बड़ी इस्पात कंपनियों के मुनाफे या कारोबार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे रोजगार और श्रमिकों की सुरक्षा, सहायक उद्योगों और व्यापारियों की आजीविका और नए निवेश और विनिर्माण क्षमता के विस्तार पर सीधा असर पड़ सकता है। उनके अनुसार वैश्विक व्यापार में प्रतिस्पर्धा स्वाभाविक है, लेकिन यह बराबरी के स्तर पर होनी चाहिए। अगर असामान्य रूप से कम दामों पर आयात होता है, तो इससे घरेलू इकाइयों की आर्थिक सेहत कमजोर पड़ सकती है।
उद्योग की नजरें अब सरकार के कदमों पर
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब सबकी निगाहें केंद्र सरकार की संभावित प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। व्यापारिक संगठन ने वाणिज्य मंत्रालय से मांग की है कि आयातित स्टील की कीमतों और खेपों पर नियमित निगरानी रखी जाए। संभावित डंपिंग या अनुचित मूल्य निर्धारण की स्थिति में एंटी-डंपिंग और सेफगार्ड जैसे व्यापारिक उपायों पर विचार हो। घरेलू उद्योग की दीर्घकालीन मजबूती और उपभोक्ताओं को वाजिब दाम मिलने के बीच संतुलन कायम किया जाए। अब यह देखना अहम होगा कि बढ़ते आयात के दबाव के बीच सरकार व्यापारिक सुरक्षा उपायों को लेकर क्या रुख अपनाती है और घरेलू इस्पात क्षेत्र को किस तरह राहत मिलती है।

