उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के सख्त निर्देशानुसार सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलियासोल अंचल के शीतलपुर मौजा में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
सोलर इंडस्ट्रीज ने तारबंदी कर किया था कब्जा
जानकारी के अनुसार, शीतलपुर मौजा स्थित सरकारी भूमि पर सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड द्वारा अवैध रूप से तारबंदी कर अतिक्रमण किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचल अधिकारी अशोक सिन्हा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और अवैध तारबंदी व अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन ने सरकारी जमीन को लिया वापस
प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया और भूमि को दोबारा सरकारी कब्जे में ले लिया। इस कार्रवाई के जरिए जिला प्रशासन ने सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का संदेश दिया।
दोबारा कब्जा करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर संबंधित लोगों और संस्थाओं के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण हटाओ अभियान में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अतिक्रमण मुक्ति अभियान के दौरान अंचल अधिकारी अशोक सिन्हा, राजस्व हल्का उपनिरीक्षक, अंचल अमीन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कालूबथान ओपी के पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।

