डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: सेमीकंडक्टर से लेकर रक्षा क्षेत्र तक, आधुनिक उद्योगों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए स्वदेशी सामग्री और नई तकनीकों का विकास अब बेहद अहम हो गया है। यह बात झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को CSIR-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला के 77वें स्थापना दिवस समारोह में कही। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में विशेष धातुओं, महत्वपूर्ण खनिजों और उन्नत सामग्रियों की मांग तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में वैज्ञानिक शोध और नवाचार भारत की रणनीतिक ताकत को नई रफ्तार दे सकते हैं।
रक्षा और सेमीकंडक्टर के लिए विशेष सामग्रियों पर फोकस
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए राज्यपाल ने कहा कि मोबाइल, कंप्यूटर, ऑटोमोबाइल, रक्षा उपकरण और आधुनिक मशीनरी में इस्तेमाल होने वाली सेमीकंडक्टर तकनीक के लिए विशेष सामग्रियों की जरूरत पड़ती है। भारत इस दिशा में अपनी वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमता को लगातार मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि खनिजों से उपयोगी तत्व निकालने, मजबूत व टिकाऊ धातुएं तैयार करने और औद्योगिक कचरे के पुनः उपयोग जैसे शोध कार्य इस लक्ष्य को साधने में मददगार साबित हो सकते हैं।
’लैब से इंडस्ट्री’ तक तकनीक पहुंचने से बदलेगी तस्वीर
राज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि प्रयोगशालाओं में तैयार तकनीक जब जमीनी स्तर पर उद्योगों तक पहुंचती है, तो उसका सीधा असर अर्थव्यवस्था और रोजगार पर दिखता है। इससे उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार होता है। रोजगार के नए अवसर बनते हैं। प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल और पर्यावरण संरक्षण संभव होता है। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘जय विज्ञान, जय अनुसंधान’ जैसे दृष्टिकोण देश के शोधकर्ताओं को नई खोजों के लिए प्रेरित कर रहे हैं। लक्ष्य यही है कि भारतीय नवाचार और स्वदेशी तकनीक का लाभ केवल देश तक सीमित न रहे, बल्कि वैश्विक स्तर पर पहुंचे।
76 वर्षों के सफर और युवा शोधकर्ताओं का आह्वान
औद्योगिक शहर जमशेदपुर की पहचान का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि CSIR-NML ने पिछले 76 वर्षों में खनिज, धातु और पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में खास मुकाम हासिल किया है। उन्होंने संस्थान के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और कर्मचारियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। साथ ही युवा शोधकर्ताओं से अपील की कि वे जिज्ञासा को अपनी ताकत बनाएं, बड़े लक्ष्य तय करें और नए विचारों के साथ आगे बढ़ें, क्योंकि आज का शोध ही भविष्य की औद्योगिक मजबूती की नींव रखेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में विश्वविद्यालयों, उद्योगों और अन्य शोध संस्थानों के साथ साझेदारी और गहरी होगी।

