डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: मैदान पर दौड़ते कदम, तालियों की गड़गड़ाहट और विजेताओं के चेहरों पर चमकती मुस्कान—टेल्को के सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम में शुक्रवार को कुछ ऐसा ही नजारा दिखा, जब वैली व्यू स्कूल (टीआरएफ कॉलोनी) का 38वां वार्षिक खेलकूद समारोह (2026–27) पूरे जोश और जुनून के साथ संपन्न हुआ। इस बार आयोजन का सबसे खास आकर्षण पद्मश्री व द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता और टाटा आर्चरी अकादमी की मुख्य प्रशिक्षक पूर्णिमा महतो की मौजूदगी रही, जिनके शब्दों ने स्टेडियम में बैठे हर बच्चे में नया जोश भर दिया।

खिलाड़ियों को मिला चैंपियन का मंत्र
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि सुश्री पूर्णिमा महतो ने विद्यार्थियों को खेल की बारीकियों और जीवन के अनुशासन का पाठ पढ़ाया। उन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि खेलों में सफलता कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास से प्राप्त होती है। हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और कभी हार न मानें।” उनके इस संदेश को मैदान में उतरे खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनाया।
आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में स्कूल मैनेजिंग कमेटी के प्रबंधक श्री जिजू थॉमस और टीआरएफ लिमिटेड में मैन्युफैक्चरिंग प्रमुख श्री रवि राव मांडा शामिल हुए। इनके अलावा विद्यालय प्रबंधन समिति के अन्य गणमान्य सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
ड्रिल ने मोहा मन, टोपाज़ हाउस ने मारी बाज़ी
ट्रैक और फील्ड की विभिन्न स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने न केवल अपनी फुर्ती और ताकत दिखाई, बल्कि टीम वर्क और खेल भावना की भी मिसाल पेश की। वहीं, कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों की आकर्षक ड्रिल ने स्टेडियम में मौजूद अभिभावकों को खासा प्रभावित किया। बच्चों की तालमेल भरी प्रस्तुतियों पर अभिभावकों ने जमकर तालियां बजाईं और उनका मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या मिक्की सिंह ने खिलाड़ियों, शिक्षकों और आयोजन टीम की मेहनत की सराहना की तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं।
एक नजर में विजेता सूची
ओवरऑल हाउस चैंपियनशिप: टोपाज़ हाउस
सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट: राजेश गोराई
सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट: मोनिका गोराई
मार्च पास्ट में सर्वश्रेष्ठ हाउस: रूबी हाउस
मार्च पास्ट में सर्वश्रेष्ठ सेकेंडरी दल: रूबी हाउस
मार्च पास्ट में सर्वश्रेष्ठ सीनियर सेकेंडरी दल: सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स
बेस्ट ड्रिल परफॉर्मेंस: कक्षा 6, 7 व 8


