​तीन महीने पुरानी धमकी का खौफनाक बदला? जमशेदपुर में राहुल शर्मा पर ताबड़तोड़ हमला, सिद्देश और सोनू समेत चार पर शिकंजा

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र में अपराध का ग्राफ एक बार फिर डराने लगा है। सोमवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब घात लगाए बैठे 25 से 30 नकाबपोश और हेलमेट पहने बदमाशों ने एक युवक पर कातिलाना हमला कर दिया। रॉड और हॉकी स्टिक से लैस इन हमलावरों ने पीड़ित को संभलने का मौका तक नहीं दिया और उसे बेरहमी से लहूलुहान कर दिया। परिवार का दावा है कि इस दौरान दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की गई। गंभीर रूप से घायल राहुल शर्मा को फिलहाल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

शादी की खुशियों के बीच पुरानी रंजिश का साया?
घायल राहुल की मां ने मामले में सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि करीब तीन महीने पहले भी कुछ युवकों ने उनके घर के पास आकर राहुल को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। हालांकि, उस दौरान घर में वैवाहिक कार्यक्रम होने के कारण परिवार ने विवाद को तूल नहीं दिया और मामले को आगे नहीं बढ़ाया। परिजनों का शक है कि पुरानी उसी धमकी और सोमवार को हुए इस जानलेवा हमले के बीच गहरा कनेक्शन है।

फायरिंग का भी आरोप, बाल-बाल बची जान
परिजनों के मुताबिक, हमले के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए गोली भी चलाई। गनीमत यह रही कि निशाना चूक गया और गोली ऊपर की दिशा में निकल गई, जिससे राहुल की जान बाल-बाल बच गई। गोलीबारी के बाद बेखौफ हमलावरों ने राहुल को घेरकर रॉड और डंडों से तब तक पीटा जब तक वह बेसुध नहीं हो गया। उसके हाथ, पैर, कमर और चेहरे पर गहरे जख्म हैं और शरीर पर कई टांके आए हैं।

सिद्देश, सोनू समेत चार पर नामजद आरोप, पुलिस जांच तेज
इस सनसनीखेज मामले में राहुल के परिजनों ने सिद्देश सिंह, सोनू गुप्ता, दीपक मिश्रा और चंदन सिंह समेत अन्य अज्ञात युवकों पर सीधा आरोप लगाया है।

उल्टीडीह थाना पुलिस का कहना है कि वे हर संभावित एंगल से मामले की गहराई से छानबीन कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इस खूनी हमले के पीछे की असली वजह (विवाद) क्या थी और इसमें कुल कितने लोग शामिल थे। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी की संलिप्तता या फायरिंग की घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस पूरी वारदात की असली तस्वीर सामने आ सकेगी।

Share This Article