दनुआ घाटी में फिर हुआ खौफनाक हादसा, अंतिम संस्कार में जा रहे 5 लोगों की गई जान

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।मिरर मीडिया : झारखंड के हजारीबाग जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जीटी रोड की कुख्यात दनुआ घाटी एक बार फिर खून से लाल हो गई है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे महानेटांड कट के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं के वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

शव की रस्सी ठीक करने के दौरान हुआ हादसा
​सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बगोदर प्रखंड के अटका इलाके से करीब 15-20 लोग एक सवारी गाड़ी पर सवार होकर अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहे थे। सफर के दौरान दनुआ घाटी के महानेटांड कट के पास अचानक वाहन पर रखे शव को बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई। गाड़ी को सड़क किनारे रोककर सभी लोग रस्सी को कसने और वाहन को ठीक करने में जुटे थे। तभी पीछे से अनियंत्रित गति से आ रहे एक ट्रेलर ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वहां मौजूद लोग संभल तक नहीं पाए और पलक झपकते ही पांच लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद खौफनाक मंजर को अंजाम देकर ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

कोयला लदा ट्रक भी पलटा, तीन घंटे तक मचा कोहराम
​हादसे का सिलसिला यहीं नहीं थमा। मुख्य दुर्घटना के ठीक बाद पीछे से आ रहा एक कोयला लदा ट्रक भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन से टकरा गया और सड़क किनारे गहरी घाटी में जा पलटा। इस दूसरी दुर्घटना से मौके पर अफरा-तफरी और भी बढ़ गई। ​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना प्रभारी पंकज कुमार और नितिन कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को बमुश्किल बाहर निकाला गया और चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

Share This Article