पीएम मोदी की राह पर सीएम शुभेंदु अधिकारी: सुंदरबन बॉर्डर पर जवानों को अपने हाथों से खिलाई मिठाई, बोले- देश की सुरक्षा से समझौता नहीं

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया :पश्चिम बंगाल की कमान संभालने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपनी पहली दीवाली का पावन पर्व बेहद खास अंदाज़ में मनाया। रविवार को वह उत्तर 24 परगना के सुंदरबन स्थित हिंगलगंज बॉर्डर पहुंचे और वहां तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ दीवाली की खुशियां साझा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परंपरा का अनुसरण करते हुए मुख्यमंत्री सीधे सीमा चौकी पर पहुंचे, जहां उनके साथ राज्य के डीजीपी सिद्धिनाथ गुप्ता भी मौजूद रहे। सीएम ने अपने हाथों से जवानों को मिठाइयां खिलाई और उन्हें दीवाली की आत्मीय शुभकामनाएं दी। हिंगलाज सीमा चौकी पर आयोजित ‘प्रहरी सम्मेलन’ में बीएसएफ दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के आईजी दलजीत सिंह समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।

पिछली सरकार के असहयोग पर माफी
जवानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक बड़ा और सराहनीय कदम उठाया। उन्होंने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बीएसएफ के प्रति अपनाए गए नकारात्मक रुख के लिए खुले दिल से माफी मांगी।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार द्वारा केंद्रीय बलों (बीएसएफ और सीआरपीएफ) के खिलाफ जिस तरह की भाषा और असहयोग का व्यवहार किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब बंगाल की जनता और सरकार की ओर से जवानों के प्रति पूरा सम्मान और अभिनंदन है।

‘देश की सुरक्षा सर्वोपरि, केंद्र के साथ बेहतर तालमेल’
बीती बातों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने का संदेश देते हुए सीएम शुभेंदु ने कहा कि देश और सीमाओं की सुरक्षा राज्य की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वामी विवेकानंद के ‘चरैवेति-चरैवेति’ (निरंतर आगे बढ़ते रहो) के मंत्र को दोहराते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब सुरक्षा के मोर्चे पर किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।

मई में हुए सत्ता परिवर्तन का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के असहयोग के कारण भारत-बांग्लादेश सीमा पर लगभग 600 किलोमीटर के गैर-बाड़ वाले इलाकों में फेंसिंग (कंटीले तार) का काम अटका हुआ था। उन्होंने दावा किया कि अब नई सरकार के आने के बाद केंद्र के साथ शानदार तालमेल स्थापित किया गया है, जिससे बीएसएफ को फेंसिंग और अन्य बुनियादी ढाँचों के विकास के लिए बिना किसी रुकावट के जमीन उपलब्ध कराई जा रही है।

नंदीग्राम में काली पूजा का उल्लास
बीएसएफ जवानों के साथ दीवाली का जश्न मनाने के बाद मुख्यमंत्री ने हिंगलगंज थाने के पास स्थित काली पूजा पंडाल में माथा टेककर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वह हेलिकॉप्टर से कोलकाता लौटे और शाम को अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम में विभिन्न स्थानीय काली पूजा आयोजनों में शिरकत करने के लिए रवाना हुए।

Share This Article