रोहिणी आचार्य के पोस्ट पर रोमित कुमार का पलटवार, बोले- अपराधियों पर कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगी सरकार; NDA में एकजुटता बरकरार

Reena Sharma
3 Min Read

गया। बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के कार्यकाल में पुलिस की सुरक्षा को लेकर राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उनके बयान पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी के विधायक रोमित कुमार ने पलटवार करते हुए विपक्ष पर अराजकता को बढ़ावा देने और अपराध के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

विपक्ष पर अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप

विधायक रोमित कुमार ने कहा कि विपक्ष के लोग अराजकता की मानसिकता रखते हैं और दिल्ली से लेकर बिहार तक प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार अपराध को लेकर पूरी तरह सजग है। राज्य में कहीं भी आपराधिक घटना होने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों को दी नसीहत

पटना में हुई एनकाउंटर की घटना का जिक्र करते हुए रोमित कुमार ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाना उचित नहीं है। यदि पुलिस अपराधियों को पकड़ने जाती है और अपराधी पुलिस पर गोली चलाते हैं, तो पुलिस हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठ सकती। उन्होंने कहा कि अपराधियों को सजा नहीं मिलेगी तो अपराध को बढ़ावा मिलेगा।

90 के दशक की कानून-व्यवस्था का किया जिक्र

विधायक ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 90 के दशक में बिहार में अपराध की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। उस समय अपराध की घटनाएं होती थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं होती थी। उन्होंने कहा कि आज सरकार अपराधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर रही है और जरूरत पड़ने पर पुलिस जवाबी कार्रवाई भी करेगी।

अपराधियों पर सख्त कार्रवाई को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट

रोमित कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि बिहार में अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई हो रही है और सरकार इस मामले में पीछे नहीं हटेगी।

‘एनडीए में फिर खेला होगा’ बयान पर भी साधा निशाना

मनेर विधायक भाई वीरेंद्र के ‘एनडीए में फिर खेला होगा’ वाले बयान पर रोमित कुमार ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता अक्सर इस तरह के बयान देते रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि एनडीए के सभी पांच घटक दल मजबूती से एकजुट हैं और गठबंधन में कोई विवाद नहीं है।

उन्होंने एनडीए की एकजुटता की तुलना पांच पांडवों से करते हुए कहा कि विपक्ष अपने समर्थकों को बनाए रखने के लिए इस तरह के बयान दे रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष को डर है कि उसके समर्थक और विधायक एनडीए की ओर आ सकते हैं। ऐसे में ‘खेला होगा’ जैसे बयान देकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।

Share This Article