डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : दीघा और मंदारमणि की सैर पर निकले जमशेदपुर के एक पर्यटक परिवार के लिए मंगलवार का दिन भारी साबित हुआ। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर ग्रामीण थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में वाहन में सवार दो बच्चों और दो महिलाओं समेत कुल छह पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सादतपुर पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर मालंचा रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के वक्त इलाके में तेज बारिश हो रही थी।
अंदेशा जताया जा रहा है कि बारिश के कारण सड़क पर कम विजिबिलिटी और तेज रफ्तार होने की वजह से चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके चलते स्कॉर्पियो पहले हाईवे के डिवाइडर से जा टकराई और फिर कुछ दूर आगे जाकर बीच सड़क पर पलट गई। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

