​दीवार में छेद कर चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, सरायकेला पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : सरायकेला थाना क्षेत्र के कालूराम चौक पर स्थित एक गल्ले की दुकान में हुई चोरी की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को धर दबोचा और उसकी निशानदेही पर चोरी गई नकदी एयर अन्य सामान बरामद कर लिया है।

दीवार में छेद कर दिया था वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार कालूराम चौक निवासी रब्बू अग्रवाल की गल्ले की दुकान की पिछली दीवार में शनिवार रात सेंधमारी की गई थी। चोर ने दीवार में एक छोटा सा होल बनाकर अंदर प्रवेश किया और दुकान से नकदी, सिगरेट और अन्य सामान चुरा लिया। इस दौरान आरोपी के शरीर पर खरोंच और जख्म के निशान भी बन गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने इसी दौरान पास की एक आटा चक्की में भी सेंधमारी कर हाथ साफ किया था।

लहरी टोला से दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लहरी टोला निवासी साजिद खान उर्फ मुन्ना खान को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके पैतृक आवास और राजाबाड़ी के पीछे स्थित किराए के मकान से चोरी का माल और नकदी बरामद की।

बरामदगी का विवरण
​सिगरेट: कुल 157 पैकेट
​तेल: 7 बोतल
​नकदी: 500 और 50 के नोटों के रूप में कुल 18,600 रुपये
​खुचरा पैसे: एक प्लास्टिक बैग में भरे कुल 736 रुपये के सिक्के
​अन्य सामान: चांदीनुमा दिखने वाले 8 सिक्के और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी साजिद खान के खिलाफ पहले से भी सरायकेला थाने में एक आपराधिक मामला दर्ज है। इस सफल छापामारी अभियान में थाना प्रभारी विनय कुमार के साथ पुलिस अवर निरीक्षक सौरभ कुमार आहूजा, अरुण कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक ऋषि कुमार, राकेश कुमार और हवलदार राजेश उरांव शामिल रहे।

Share This Article