डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: जिला प्रशासन अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में मंगलवार देर रात जिला खनन कार्यालय की टीम ने पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बालू ला रहे एक हाइवा को धर दबोचा। जांच के दौरान पकड़े गए हाइवा (संख्या OD19B-9810) से लगभग 500 सीएफटी बालू बरामद किया गया। वाहन चालक पूछताछ के दौरान बालू से जुड़ा कोई भी वैध कागजात या परिवहन दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
ओडिशा से हो रही थी तस्करी
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह अवैध बालू पड़ोसी राज्य ओडिशा से लाया जा रहा था। जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन और उसमें लदे बालू को अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में कोवाली थाने में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।
प्रशासन की दो टूक: जारी रहेगा अभियान
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में बालू या किसी भी खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह के अवैध धंधों पर लगाम लगाने के लिए नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाए जा रहे हैं और भविष्य में भी संलिप्त लोगों एवं वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

