धनबाद में मिलावटी खाद्य पदार्थों और पनीर पर प्रशासन का शिकंजा, गौतम डेयरी सील और 48 किलो पनीर जब्त

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद: जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। सिविल सर्जन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक छापेमारी की।

कई दुकानों से लिए गए नमूने

कार्रवाई के दौरान विभिन्न दुकानों से पनीर, घी और खोवा के नमूने लिए गए। इन्हें रासायनिक जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजा गया। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध पाए गए खाद्य पदार्थ जब्त किए गए।

गौतम डेयरी में 48 किलो पनीर जब्त

स्टील गेट स्थित गौतम डेयरी में जांच के दौरान संचालक दुकान छोड़कर फरार हो गया। प्रतिष्ठान का एफएसएसएआई लाइसेंस भी एक्सपायर्ड मिला। यहां से 48 किलो संदिग्ध पनीर, दो किलो घी और खोवा जब्त किया गया।

Advertisement

डेयरी सील, राकेश डेयरी से भी जब्ती

भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने और संचालक के फरार होने पर गौतम डेयरी को तत्काल सील कर दिया गया। वहीं पुलिस लाइन स्थित राकेश डेयरी से 10 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया।

अन्य प्रतिष्ठानों से भी लिए गए नमूने

सरायढेला के रूफ 709, निर्मल स्वीट्स, रमेश डेयरी और बरटांड़ की गंगा डेयरी से पनीर, घी और खोवा मिठाई के नमूने लिए गए। जांच में विफल पाए गए खाद्य पदार्थों को भी जब्त किया गया।

पूरे जिले में जारी रहेगा अभियान

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोगों को शुद्ध, स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अभियान जारी रहेगा। मिलावट और बिना वैध लाइसेंस खाद्य कारोबार करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article