बिहार। बिहार पुलिस मुख्यालय की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की विशेष टीम ने दरभंगा जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल अभिषेक कुमार उर्फ टाइगर को गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई बुधवार, 11 नवंबर 2026 को समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर की गई। गिरफ्तार अपराधी मूल रूप से बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर का रहने वाला है। उसके पिता का नाम भूषण महतो उर्फ चंद्र भूषण महतो है।
दरभंगा के मामले में लंबे समय से था फरार
बिहार एसटीएफ की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभिषेक कुमार उर्फ टाइगर दरभंगा नगर थाना कांड संख्या 72/26 (दिनांक 03.04.2026, धारा 310(2)/311 बीएनएस) में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस की जांच में उसकी संलिप्तता दो बड़ी लूट की वारदातों में सामने आई है।
तेघड़ा एक्सिस बैंक लूट में आया नाम
24 मार्च 2026 को बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक्सिस बैंक में अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस जांच में इस वारदात में अभिषेक कुमार उर्फ टाइगर की संलिप्तता पाई गई है।
दरभंगा के प्रेम ज्वेलर्स लूटकांड में भी भूमिका
इसके कुछ ही दिनों बाद 3 अप्रैल 2026 को दरभंगा नगर थाना क्षेत्र के बड़ी बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में हथियार का भय दिखाकर लूटपाट की गई थी। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में भी अभिषेक कुमार उर्फ टाइगर की मुख्य भूमिका सामने आई थी।
तीन जिलों में दर्ज हैं चार संगीन मामले
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ दरभंगा, समस्तीपुर और बेगूसराय जिले के विभिन्न थानों में हत्या का प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं के तहत कुल चार मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है, ताकि उसके गिरोह के अन्य सदस्यों और फरार साथियों का भी सुराग लगाया जा सके।

