धनबाद। बलियापुर के धांगी पहाड़ी के पास 11 सितंबर को मिले सिर कटे युवती के शव का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सोमवार को बैंक मोड़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी ऋत्विक वास्तव ने बताया कि मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मृतका गिरिडीह के बेंगाबाद थानांतर्गत बहादुरपुर निवासी संदीप रवानी की पुत्री थी और 9 सितंबर से लापता थी।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जयराम रवानी, पिता स्व. शीतल रवानी, निवासी डोमनपुर, थाना राजगंज; किशोर महतो, पिता स्व. चक्रधर महतो, निवासी प्रधानखंता, टोला बगानधार, थाना बलियापुर; आलोमनी देवी, पति सुभाष रजवार तथा राम प्रसाद रजवार, पिता स्व. जटल रजवार, दोनों निवासी करमाटांड़, टोला छुपकाटांड़, थाना बलियापुर को गिरफ्तार किया।
प्रेम विवाह बना हत्या की वजह, साजिश रचने का आरोप
एसडीपीओ ने बताया कि अनुसंधान में यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपी संतोष रवानी को मृतका का प्रेम विवाह पसंद नहीं था। इसी कारण उसने साजिश रचकर युवती की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को क्षत-विक्षत कर फेंक दिया। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
चाकू, चप्पल और पूजा सामग्री बरामद, छापेमारी जारी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बड़ा धारदार चाकू, मृतका की चप्पल तथा पूजा सामग्री भी बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। प्रेस वार्ता में बलियापुर थाना प्रभारी सहित विशेष जांच दल के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

