डिजिटल डेस्क।चाईबासा:मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गितिलपी गांव में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां काम की तलाश में आए 63 वर्षीय बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।
सोनापोस गांव के रहने वाले थे मृतक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मंझगांव थाना क्षेत्र के सोनापोस गांव निवासी सुभाष माटिया के रूप में हुई है। सुभाष पिछले करीब एक महीने से गितिलपी गांव में अपने दामाद दुर्गा चरण संवैया के घर पर रह रहे थे। वह यहां किसी काम की तलाश में आए हुए थे।
सोते वक्त अचानक हुआ हमला
शाम करीब पांच बजे सुभाष माटिया घर के बाहर सोए हुए थे। इसी दौरान वहां 24 वर्षीय नोनी सांडील नामक महिला पहुंची और अचानक उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला ने बुजुर्ग की छाती, कमर और सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। हमले को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई। अत्यधिक खून बहने और गंभीर चोटें आने के कारण कुछ ही देर में बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपी महिला को दबोचा
वारदात की भनक लगते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी नोनी सांडील को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब महिला से हिरासत में पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के असली कारणों का खुलासा हो सके। इसके अलावा पुलिस यह भी खंगाल रही है कि मृत बुजुर्ग और आरोपी महिला के बीच पहले से कोई रंजिश, विवाद या किसी दूसरे तरह का संबंध था या नहीं। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

