गुरुग्राम। गुरुग्राम के मैग्नम ग्लोबल पार्क में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में कारगिल युद्ध के पूर्व सैनिक पर हमला करने का मामला सामने आया है। ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता (रिटायर्ड) ने पार्किंग अटेंडेंट पर लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि हमले में सिर पर गंभीर चोट लगी और हाथ की हड्डी टूट गई। वह फिलहाल मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस पीड़ित का बयान दर्ज करने के लिए हॉस्पिटल गई, लेकिन ऑफिसर ने कहा कि वह अभी पूरी तरह ठीक नहीं हैं और बाद में पुलिस स्टेशन में अपना बयान देंगे। हालांकि, उन्होंने घटना वाले दिन पुलिस को एक लिखित शिकायत दी थी। केस दर्ज किया जा रहा है और आगे की जांच चल रही है।
पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद, रॉड से हमले का आरोप
अमित कुमार गुप्ता के मुताबिक, वह गुरुवार रात परिवार के साथ गोंजो रेस्टोरेंट में डिनर करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों को कार से उतारने के बाद वह वाहन पार्क करने के लिए गए। इसी दौरान पार्किंग को लेकर स्टाफ से उनका विवाद हो गया। उनका आरोप है कि उन्हें वैलेट, बेसमेंट और मल्टी-लेवल पार्किंग के बीच बार-बार भेजा गया। पूर्व सैनिक का आरोप है कि कार पीछे करते समय पार्किंग अटेंडेंट ने उनकी विंडशील्ड तोड़ने की कोशिश की। इसके बाद विवाद बढ़ गया और पार्किंग स्टाफ ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया।
सिर में गंभीर चोट, हाथ की हड्डी टूटने का दावा
अमित कुमार गुप्ता ने हमले में सिर पर गंभीर चोट लगने और हाथ की हड्डी टूटने का दावा किया है। उन्होंने पार्किंग स्टाफ पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। अमित कुमार गुप्ता ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस पर समय पर मदद नहीं करने और अस्पताल की रिपोर्ट को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल उनका मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ऑपरेशन सफेद सागर का हिस्सा रहे हैं अमित कुमार गुप्ता
ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ मिशन का हिस्सा रहे हैं। पूर्व सैनिक की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और हमलावर की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

