देवघर। नगर थाना क्षेत्र में सिनेमा हॉल के भीतर व्यवसायी के परिवार के साथ मारपीट कर रंगदारी मांगने के मामले में देवघर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की जा रही ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो बरामद की है।
इंटरवल में व्यवसायी के बेटे से मारपीट, रंगदारी की मांग
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर की रात व्यवसायी अमरनाथ केसरी अपने बेटे और परिवार के साथ सिनेमा देखने गए थे। इसी दौरान इंटरवल के समय विकास पालिवार उर्फ भारखंड बोस ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अमरनाथ केसरी के बेटे के साथ कथित तौर पर मारपीट की और रंगदारी की मांग की। घटना को लेकर अमरनाथ केसरी के लिखित आवेदन पर नगर थाना कांड संख्या 357/26, दिनांक 12 सितंबर 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
विशेष टीम ने सदर अस्पताल के पास दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। 13 सितंबर को करीब तीन बजे टीम को सूचना मिली कि आरोपी हथियारों के साथ ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो में सदर अस्पताल क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सदर अस्पताल के समीप रामकृष्ण मिशन के पीछे वाले रास्ते से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चारों के पास से हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपियों में ऋषभ राज उर्फ ऋषभ केसरी, उम्र करीब 31 वर्ष, विकास पालिवार उर्फ भारखंड बोस, उम्र करीब 30 वर्ष, सौरव श्रृंगारी, उम्र करीब 26 वर्ष और प्रशांत कुमार झा, उम्र करीब 32 वर्ष शामिल हैं। पुलिस के अनुसार विकास पालिवार के कमर से एक पिस्टल, ऋषभ राज के कमर से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस, सौरव श्रृंगारी की पैंट की जेब से दो जिंदा कारतूस तथा प्रशांत कुमार की पैंट की दाहिनी जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। मौके से ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो भी जब्त की गई।
40 से अधिक मामलों का जिक्र, अन्य सहयोगियों की तलाश
पुलिस दस्तावेज के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत 40 से अधिक गंभीर आपराधिक मामलों का उल्लेख है। पुलिस का आरोप है कि आरोपी एक संगठित अपराध गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और हथियारों का भय दिखाकर दुकानदारों से रंगदारी मांगने, स्थानीय लोगों को धमकाने तथा रंगदारी के जरिए जमीन पर कब्जे जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। मामले में अनुभव नरेन उर्फ सोनू नरेन, छोटू श्रृंगारी, आरितिक पालिवार और मन्नू पंडित के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस इनकी भूमिका की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई जारी है।

