धनबाद रेलवे यार्ड चोरी मामले में आखिरी फरार आरोपी भी गिरफ्तार, 40 मीटर कॉपर केबल बरामद

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद। 24 अगस्त 2026 को धनबाद रेलवे यार्ड में खड़े सभी कोचों की संयुक्त जांच के दौरान लाइन नंबर 04 के कालका छोर पर खड़ी LHB कोच संख्या EC/LWACCN-131656 में अंडरगियर कॉपर केबल 50 Sq mm (4×1) की 40 मीटर कमी पाई गई। JE/TL&AC/DHN बीरेन्द्र सोरेन की लिखित शिकायत पर आरपीएफ पोस्ट धनबाद में कांड संख्या 26/2026, दिनांक 24 अगस्त 2026, धारा 3 RP(UP) Act के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। जांच का जिम्मा उप-निरीक्षक प्रशांत कुमार को सौंपा गया।

पहले चरण में तीन आरोपी पकड़े गए, 25 मीटर केबल बरामद

जांच के दौरान 25 अगस्त 2026 को मामले में संलिप्त तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से चोरी की गई कुल 40 मीटर अंडरगियर कॉपर केबल में से 25 मीटर बरामद की गई थी। तीनों आरोपियों को रेलवे न्यायालय धनबाद में पेश कर अग्रसारित किया गया। वहीं चार अभियुक्त फरार थे और 15 मीटर केबल की बरामदगी बाकी थी।

जेल में बंद तीन आरोपी रिमांड पर, अभिषेक की तलाश जारी

फरार चार अभियुक्तों में से तीन आरपीएफ पोस्ट महुदा (SER) के एक मामले में मंडल कारा धनबाद में न्यायिक हिरासत में थे। तीनों को रेलवे न्यायालय धनबाद से इस मामले में रिमांड पर लिया गया। वहीं जोड़ाफाटक, श्रीरामनगर, थाना धनसार निवासी 20 वर्षीय अभिषेक रजक, पुत्र चंद्रदेव रजक की गिरफ्तारी और 15 मीटर केबल की बरामदगी शेष थी।

Advertisement

आखिरी आरोपी भी गिरफ्तार, चोरी की पूरी रेल संपत्ति बरामद

13 सितंबर 2026 को आरपीएफ ने फरार एकमात्र अभियुक्त अभिषेक रजक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शेष 15 मीटर अंडरगियर कॉपर केबल बरामद कर ली। आवश्यक कार्रवाई के बाद संबंधित कागजात के साथ उसे रेलवे न्यायालय धनबाद में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में अब सभी 7 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है और चोरी की गई कुल 40 मीटर अंडरगियर कॉपर केबल की पूर्ण बरामदगी कर ली गई है।

Share This Article