डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित गोलमुरी सब्जी बाजार में गुरुवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में नौ से अधिक दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गई, जबकि कई अन्य दुकानों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और अफरातफरी का माहौल देखने को मिला।
बांस-बल्ली की दुकानों के कारण तेजी से फैली आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाजार में ज्यादातर दुकानें बांस और बल्लियों से बनी हुई हैं। आग लगने के बाद देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची उठती लपटों और काले धुएं को देखकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों में भारी दहशत फैल गई। अपनी गाढ़ी कमाई और सामान को बचाने के लिए दुकानदार आधी रात को ही बाजार की ओर दौड़ पड़े।
दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों को आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दुकानों में ज्वलनशील सामग्री और बांस-बल्ली होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन फायर कर्मियों की सूझबूझ और लगातार प्रयासों के चलते आग को आगे बढ़ने से रोक लिया गया और समय रहते इस पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर बाजार की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि गोलमुरी सब्जी बाजार में आग लगने की यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी यहां ऐसी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद सुरक्षा और अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण दुकानदारों में भारी रोष और चिंता का माहौल है। फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है, जिसके बाद ही आग लगने की असली वजह और कुल नुकसान के आंकड़े सामने आ सकेंगे।

