पर्यावरण संरक्षण में डॉ. कौशल का योगदान सराहनीय, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने दी बधाई

Reena Sharma
2 Min Read

मेदिनीनगर। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी गुरुवार को मेदिनीनगर बाइपास रोड स्थित पर्यावरण भवन पहुंचीं। यहां पर्यावरणविद डॉ. कौशल किशोर जायसवाल और उनके परिवार ने पर्यावरण धर्म के तहत पौधा व शॉल भेंट कर उनका स्वागत किया। मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के लिए डॉ. कौशल के प्रयासों की सराहना की।

पर्यावरण अभियान की उपलब्धियों की जानकारी

मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने डॉ. कौशल से उनके पर्यावरण अभियान और पौधरोपण की उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली। डॉ. जायसवाल ने बताया कि अब तक 10 देशों, भारत के 26 राज्यों और 181 जिलों में 65 लाख से अधिक पौधों का निशुल्क वितरण और रोपण किया जा चुका है।

पाठ्यक्रम और प्रतियोगी परीक्षाओं में जीवनी का उल्लेख

डॉ. कौशल ने बताया कि उनकी जीवनी से जुड़े प्रश्न ‘कौन बनेगा करोड़पति’ और यूपीएससी परीक्षा में पूछे जा चुके हैं। वर्ष 2010 से सीबीएसई की आठवीं और आईसीएसई की छठी कक्षा के पाठ्यक्रम में भी उनकी जीवनी शामिल है।

परिवार से किया वादा निभाने पहुंचीं मंत्री

डॉ. कौशल के अनुसार, 20 दिसंबर को अद्विक प्रताप देव के जन्मोत्सव में शामिल नहीं हो पाने पर मंत्री ने पलामू आने पर उनके आवास पहुंचने का आश्वासन दिया था।

इसी क्रम में वह पर्यावरण भवन पहुंचीं और अद्विक को आशीर्वाद दिया। इस दौरान डॉ. कौशल की पत्नी पूनम जायसवाल, पुत्र अमित कुमार जायसवाल और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

अमित जायसवाल को जीत की बधाई

व्यावसायिक संगठन में प्रमंडलीय उपाध्यक्ष के रूप में अमित जायसवाल की जीत की जानकारी मिलने पर मंत्री ने उन्हें और पूरे परिवार को बधाई दी।

पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पुरस्कारों को देखकर उन्होंने डॉ. कौशल के लंबे समय से जारी अभियान की प्रशंसा की और कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए पूरे परिवार का समर्पण सराहनीय है।

Share This Article