पलामू पुलिस ने शहर थाना कांड संख्या 315/2026 का खुलासा करते हुए अंतरजिला गृहभेदन एवं चोरी गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के सोना-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल औजार बरामद किए गए हैं।
सीसीटीवी से मिली गिरोह की सुराग
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी शाखा और स्थानीय लोगों की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई।
दिन में रेकी, रात में चोरी
रायरंगपुर, मयूरभंज ओडिशा से तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए लाया गया। पूछताछ में उन्होंने पलामू और गढ़वा में दिन के समय बंद घरों की रेकी कर रात में चोरी करने की बात बताई।
डेहरी के ज्वेलर्स में बेचते थे गहने
पूछताछ में सामने आया कि चोरी के आभूषण डेहरी के डालमियानगर स्थित प्रमोद ज्वेलर्स में बेचे जाते थे। इसके बाद वहां से दो अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
45 ग्राम सोना और 7.8 किलो चांदी बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर करीब 45 ग्राम सोना, माला-लॉकेट सहित करीब 80 ग्राम सोना जैसा आभूषण और करीब 7.8 किलोग्राम चांदी जैसा आभूषण बरामद हुआ। दरवाजा-खिड़की काटने के औजार भी मिले।
पांच आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण मोदी उर्फ लक्ष्मण खेरवार, प्रमोद सोनी, अरविन्द खेरवार, राजू कुमार और राज कुमार शामिल हैं। पुलिस ने पिलास, सब्बल, पगहा, टांगी, दाब और मुलेल समेत अन्य औजार भी जब्त किए हैं।

