बिहटा में घर में घुसकर युवक की बेरहमी से हत्या, सिर में गोली मारकर अपराधी मोबाइल लेकर फरार

Reena Sharma
2 Min Read

पटना। पटना जिले के बिहटा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सिमरी गांव की है। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

दरवाजा खुलवाकर सिर में मारी गोली

मंगलवार की देर रात करीब 11:30 बजे दो बाइक सवार अपराधी इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर के किराए के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाकर उसके सिर में गोली मार दी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। मृतक की उम्र 32 साल थी। वह पिछले दो साल से अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ किराये के मकान में रह रहा था और पेशे से ड्राइवर था।

घटना के वक्त बड़ा बेटा साथ सोया था

घटना के वक्त मृतक का बड़ा बेटा उसके साथ सोया हुआ था, जबकि पत्नी नेहा परवीन अपने मायके में थी, जो उसी गांव में है। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में पिछले 10 सालों से विवाद चल रहा था।

एक महीने पहले भी हुई थी फायरिंग

मृतक की पत्नी नेहा ने बताया कि करीब एक महीने पहले भी बिहटा के मौदही गांव के पास उसके पति पर हवाई फायरिंग हुई थी। उस समय वह आरा से लौट रहे थे। इस घटना में दोनों बाल-बाल बच गए थे।

पुलिस ने शुरू की जांच, परिजनों से पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मृतक की पत्नी और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Share This Article