पलामू पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो कंटेनरों से 73 भैंस और भैंसा बरामद किए हैं। मामले में दोनों वाहनों के चालकों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पशुओं को क्षमता से अधिक संख्या में लादकर लोहरदगा से डेहरी ले जाया जा रहा था।
गुप्त सूचना पर एनएच-39 में जांच अभियान
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे पशु तस्करी की सूचना मिली। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने एनएच-39 स्थित जोड़ा चेक पोस्ट के पास वाहन जांच शुरू की।
पहले कंटेनर से 38 पशु बरामद
27 अक्टूबर की रात करीब 2:50 बजे चियांकी की ओर से आ रहे एक कंटेनर को रुकने का इशारा किया गया। चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। जांच में कंटेनर से 38 भैंस और भैंसा बरामद किए गए।
पोखराहा चौक के पास दूसरा कंटेनर पकड़ा
पुलिस ने आगे की कार्रवाई में पोखराहा चौक के पास दूसरे कंटेनर को पकड़ा। उसमें भी क्षमता से अधिक संख्या में पशु लदे थे। दूसरे वाहन से 35 भैंस और भैंसा बरामद हुए। इस तरह दोनों कंटेनरों से कुल 73 पशु बरामद किए गए।
छह आरोपी गिरफ्तार, दोनों कंटेनर जब्त
पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के अजीम और मो. फरजान तथा लोहरदगा जिले के तैमुरू कुरैशी, मो. राजा, इरसाद अंसारी और गुलजार अंसारी को गिरफ्तार किया है। दोनों कंटेनरों के पंजीकरण नंबर UP 21 CT 6960 और NL 01L 1543 हैं। कार्रवाई में सदर थाना पुलिस और एसडीपीओ की टीम शामिल रही। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

