पलामू पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 2 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिले के 12 स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, अवैध हथियार व मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक और संदिग्ध वाहनों की निगरानी करना था। इस दौरान 792 वाहनों की जांच की गई।
501 दोपहिया और 291 चारपहिया वाहन जांचे
पुलिस टीम ने वाहनों के कागजात, नंबर प्लेट और यातायात नियमों की जांच की। इनमें 501 दोपहिया और 291 चारपहिया वाहन शामिल रहे।
ब्लैक फिल्म और मोडिफिकेशन पर नजर
जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट, फैंसी नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म, अनधिकृत मोडिफिकेशन, नेम बोर्ड, एक्स्ट्रा लाइट, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट जैसे मामलों की जांच की गई।
ब्लैक फिल्म हटाई, एक वाहन का चालान
अभियान के दौरान एक वाहन से चिपकाया हुआ ब्लैक फिल्म हटाया गया, जबकि एक अन्य वाहन का चालान किया गया।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
पलामू पुलिस ने लोगों से वाहन चलाते समय जरूरी दस्तावेज साथ रखने, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने तथा शराब के नशे में वाहन चलाने और अनधिकृत मोडिफिकेशन से बचने की अपील की है।

