डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : बैरकपुर से यूपी, ओडिशा और उत्तर बंगाल के सफर को आसान बनाने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। अब यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा या इलाज के लिए महानगर में बार-बार गाड़ियां बदलने से मुक्ति मिलने वाली है। परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने बैरकपुर कार्यालय में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के बाद नई परिवहन योजनाओं का खाका खींचा। इसके तहत उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख तीर्थ स्थलों और ओडिशा के पुरी के लिए सीधी बसें चलाई जाएंगी।
उत्तर प्रदेश सरकार के साथ इस बाबत समझौता पूरा हो चुका है, जबकि ओडिशा के साथ करार की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। इन बसों के सुगम संचालन और पार्किंग के लिए बैरकपुर के पुराने अदालत परिसर, तालपुकुर और नीलगंज में विभाग के पास पर्याप्त आधारभूत ढांचा मौजूद है।
स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए बैरकपुर और नैहाटी से सीधे एम्स और ईस्टर्न बाइपास के प्रमुख अस्पतालों तक बसें चलाने की रूपरेखा तैयार की गई है। इस सेवा के शुरू होने से मरीजों और तीमारदारों को अस्पताल पहुंचने के लिए कई वाहन बदलने की मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। इसके साथ ही, लंबे समय से सुस्त पड़ी रूट नंबर 85 की बस सेवा को भी पटरी पर लाया जा रहा है, जिसके तहत निजी बसों के अलावा 10 से अधिक नई सरकारी बसें उतारी जाएंगी।
बैठक के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने सरकारी बसों के किराए में आधी छूट दिए जाने की मांग भी उठाई। परिवहन मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस तरह के नीतिगत फैसले पर मुहर कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही लग सकती है, हालांकि उन्होंने इस प्रस्ताव को मंत्रिमंडल के सामने रखने का भरोसा दिया है।

