सत्य निकेतन हादसे के बाद CM रेखा गुप्ता का बड़ा एक्शन, MCD के 5 अधिकारी निलंबित

Reena Sharma
4 Min Read

हादसे के बाद CM ने लिया सख्त फैसला

दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास स्थित सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा एक्शन लिया है। हादसे के बाद लापरवाही को लेकर MCD के पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित अधिकारियों में डिप्टी कमिश्नर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर शामिल हैं।

इन पांच अधिकारियों पर हुई निलंबन की कार्रवाई

• राकेश कुमार — डिप्टी कमिश्नर, साउथ जोन
• रणवीर सिंह — सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, साउथ जोन
• ललित कुमार गोयल — एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, साउथ जोन
• सुनील चौहान — असिस्टेंट इंजीनियर, साउथ जोन
• आशीष कुमार — जूनियर इंजीनियर

लगातार दूसरे दिन घटनास्थल पहुंचीं CM

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। वहीं, दिल्ली पुलिस ने इमारत के मालिक हरि राम के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। CM रेखा गुप्ता ने कहा कि बिल्डिंग के मालिक की लापरवाही की वजह से यह घटना हुई है। उन्होंने बताया कि यह बहुत पुरानी बिल्डिंग थी और बेसमेंट में पानी भरने की वजह से इसके पिलर गिर गए, जिसके बाद पूरी इमारत ढह गई।

Advertisement

मरम्मत के दौरान ढही पांच मंजिला इमारत

यह इमारत रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत कार्य के दौरान ढह गई। इसमें लड़कों का पेइंग गेस्ट यानी PG आवास था। पांच मंजिला इमारत गिरने से अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। युद्ध स्तर पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा, NDRF और DDMA की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। NDRF के IG नरेंद्र बुंदेला ने बताया कि मलबे में फंसे लोगों की निश्चित संख्या की जानकारी अभी नहीं है और बचाव अभियान देर रात तक जारी रह सकता है।

हादसे के बाद 11 लोग अस्पताल पहुंचे

एम्स के मुताबिक, हादसे के बाद 11 लोगों को जय प्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर लाया गया। इनमें से पांच को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक घायल के एक अंग की सर्जरी की गई, जबकि मामूली रूप से घायल एक व्यक्ति को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

बगल की इमारत भी कमजोर, जल्द गिराने की तैयारी

MCD कमिश्नर संजीव खिरवार ने बताया कि हादसे वाली इमारत के पास की दूसरी इमारत भी कमजोर हो गई है. इसे रातभर मजबूत करने का काम किया गया. अब अगले 1-2 दिनों में इसे चरणबद्ध तरीके से गिराने की तैयारी है.
उन्होंने बताया कि अगस्त में इसी इलाके की 3-4 इमारतों को गिराने के आदेश दिए गए थे. न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट में बताया गया कि MCD के मुताबिक, पिछले तीन महीनों में 960 इमारतों को गिराया गया है. साथ ही 407 को सील किया गया और करीब 1500 इमारतों को सीलिंग और गिराने के नोटिस दिए गए हैं.

Share This Article