डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: बागबेड़ा बड़ौदा घाट स्थित आदर्श सोसायटी प्रधान टोला में आगामी दुर्गा पूजा 2026 के भव्य और आकर्षक आयोजन की तैयारियों का आधिकारिक तौर पर श्रीगणेश हो गया है। इस पावन अवसर पर सोसायटी परिसर में विधि-विधान के साथ भूमि पूजन का आयोजन किया गया।
भूमि पूजन का पूरा अनुष्ठान जाने-माने पंडित सुकुमार भट्टाचार्य जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पूरी निष्ठा के साथ संपन्न कराया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान आदर्श सोसायटी के सभी सम्मानित सदस्य, महिलाएं और क्षेत्र के गणमान्य बुजुर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूरा माहौल पूरी तरह से भक्तिमय नजर आया। महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में माता का झूमर, लोकगीत और मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा इलाका भक्ति के रंगों में सराबोर हो गया। पूजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इस भव्य आयोजन को लेकर अपनी-अपनी जवाबदेही और हिस्सेदारी तय की। स्थानीय लोगों के इस उत्साह को देखकर यह तय माना जा रहा है कि इस वर्ष का दुर्गा पूजाोत्सव बेहद खास और ऐतिहासिक होने वाला है।

