डिजिटल डेस्क| जमशेदपुर :झारखंड से मानसून की आधिकारिक विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन मौसम का यह यू-टर्न अपने साथ कई रंग लेकर आया है। जहां एक तरफ मानसून के लौटने से उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी तरफ अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही और हल्की से मध्यम बारिश का दौर भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पूर्व बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक टर्फ लाइन गुजर रही है, जिसका सीधा असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई रेखा अब सुपौल और रायपुर से होकर गुजर रही है, जिससे राज्य के मौसम में यह बड़ा बदलाव आया है।
इन जिलों में दिखेगा सबसे ज्यादा असर
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 6 से 8 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में बादलों का डेरा रहेगा। राजधानी रांची समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे लेकर मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी है।
पारे में आएगी गिरावट, मिलेगी ठंडक की आहट
मानसून के लौटने और बादलों के छाए रहने से तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
अधिकतम तापमान: रांची का अधिकतम तापमान गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। अगले 2 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद के 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
न्यूनतम तापमान: रात और सुबह के समय हल्की ठंडक का अहसास हो सकता है, हालांकि न्यूनतम तापमान में अगले 5 दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

