हजारीबाग। लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत इंडिया गठबंधन की ओर से सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय कृष्ण बल्लभ आश्रम में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता की अध्यक्षता जिला कांग्रेस के वरीय उपाध्यक्ष शारदा रंजन दुबे ने की।
चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
प्रेसवार्ता में सीपीएम, झामुमो, भाकपा माले, सीपीआई और राजद के नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों को लेकर केंद्र सरकार एवं चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव पर भी सवाल उठाए।
एसआईआर और मतदाता सूची पर सवाल
इंडिया गठबंधन के नेताओं ने एसआईआर की प्रक्रिया और मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने व सुधार को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने निजी कंपनियों की भूमिका को संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत बताया।
सीईसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
नेताओं ने चुनाव आयोग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की।
2 से 8 अक्टूबर तक विरोध प्रदर्शन
नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन की ओर से 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक सप्ताहभर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रेसवार्ता में गठबंधन के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

