आदरडीह में दिखा अनूठा उत्सव: आतिशबाजी और केक कटिंग के साथ मना खाटू श्याम का पहला जन्मोत्सव, बालक भोज और भंडारे में उमड़ा पूरा गांव

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड स्थित आदरडीह गांव में शुक्रवार को भक्ति और सामाजिक एकता की एक नई मिसाल देखने को मिली। गांव के श्री श्री श्याम बाबा मंदिर (तीन बांध धारी) समिति के तत्वावधान में पहली बार खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव एक भव्य उत्सव के रूप में मनाया गया। इस आयोजन ने न केवल पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बनाया, बल्कि ग्रामीणों के आपसी सौहार्द और सामूहिक सहभागिता को भी मजबूती दी।

​केक कटिंग और आतिशबाजी रही मुख्य आकर्षण
जन्मोत्सव को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह नजर आया। शाम ढलते ही मंदिर परिसर में उत्सव का माहौल चरम पर पहुंच गया, जब श्रद्धालुओं ने केक काटकर बाबा का जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान हुई आकर्षक आतिशबाजी ने आसमान को रोशन कर दिया और पूरा गांव ‘हारे के सहारे की जय’ के जयकारों से गूंज उठा।

बालक भोज और भंडारे में दिखी सेवा भावना
सुबह विधि-विधान के साथ बाबा के पूजन-अर्चन और भजन-कीर्तन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जहां भक्तों ने क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। आयोजन का सबसे खास पहलू दोपहर में आयोजित ‘बालक भोज’ रहा, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों को प्रेमपूर्वक भोजन कराया गया। इसके बाद शुरू हुए विशाल भंडारे में आदरडीह के अलावा आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने भी प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों ने निस्वार्थ सेवा भाव से बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कठिन परिस्थितियों से लड़ने की शक्ति देते हैं बाबा: दिकपाल
इस मौके पर श्याम भक्त दिकपाल कुमार ने बाबा की महिमा का बखान करते हुए कहा कि खाटू श्याम बाबा को ‘हारे का सहारा’ कहा जाता है। सच्चे मन से की गई आराधना भक्तों को जीवन की कठिन परिस्थितियों से लड़ने की शक्ति देती है और बाबा सदैव अपने भक्तों का कल्याण करते हैं।

​इनका रहा सराहनीय योगदान
पहली बार हुए इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में शिशुपाल, दिकपाल, बृहस्पति, गौरांग, गुरुपद, रोहित, सचिन, भीम, उत्तम, कृष्णा, अनिल, तापस, मलखान, पतिपाल, लक्षीपद, गिरिधारी, प्रेमपाल, दिनेश पाल, रामपाल, पिंटू, रुद्र, रोहिन, निचित और मुकुंद समेत बड़ी संख्या में श्याम भक्तों व ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही।

Share This Article