चक्रवात ‘अकवान’ का खतरा: झारखंड में अलर्ट मोड पर सरकार, 75% धान की फसल खेतों में खड़ी; नुकसान पर मिलेगा मुआवजा

Reena Sharma
3 Min Read

झारखंड। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को विभागीय अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में चक्रवात के कारण भारी बारिश की आशंका, किसानों की खड़ी फसल और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों से लेकर सिविल सर्जनों तक को सतर्क रहने और जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

किसानों की बढ़ी चिंता, 75 प्रतिशत धान की फसल खेतों खड़ी है।

बैठक में किसानों की फसल को लेकर विशेष चिंता जताई गई। मंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक करीब 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि 75 प्रतिशत फसल अभी भी खेतों में खड़ी है। ऐसे में लगातार बारिश होने पर किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश से फसल प्रभावित होने की स्थिति में पंचायत और प्रखंड स्तर पर तत्काल सर्वे कराया जाए। सर्वे के जरिए नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि उन्हें समय पर राहत मिल सके।

अस्पतालों में दवाइयों और आपातकालीन सुविधाओं की तैयारी के निर्देश

समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मंत्री इरफान अंसारी ने सभी सिविल सर्जनों को अस्पतालों में जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही चिकित्सकों की तैनाती और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं तैयार रखने को कहा गया, ताकि चक्रवात के प्रभाव से किसी तरह की आपात स्थिति पैदा होने पर मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके।

सभी जिलों के अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश

मंत्री ने जिलों के अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी संभावित परेशानी से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। बैठक में भारी बारिश की स्थिति में आम लोगों की सुरक्षा और प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी इंतजामों को लेकर भी समीक्षा की गई। सरकार की ओर से अधिकारियों को संभावित चक्रवाती प्रभाव को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

Share This Article