21 नवंबर को बिहार को 60 हजार करोड़ की सौगात देंगे पीएम मोदी, नीतीश सेतु का करेंगे उद्घाटन

Reena Sharma
3 Min Read

वैशाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 21 नवंबर को वैशाली जिले में भव्य कार्यक्रम प्रस्तावित है। कई मायनों में पीएम मोदी का बिहार दौरा बेहद खास माना जा रहा है। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पिछले कई दिनों से लगातार तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री खुद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी बिहार को करीब 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की सौगात देंगे।

राघोपुर में नीतीश सेतु का करेंगे उद्घाटन

वैशाली की डीएम वर्षा सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कार्यक्रम से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी सबसे पहले राघोपुर जायेंगे, जहां वे नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री राजापाकर पहुंचेंगे, जहां जनसभा को संबोधित करेंगे और विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देंगे।

21 विभागों की 103 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

डीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री 21 विभागों की कुल 103 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं की कुल लागत करीब 60 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक है। प्रधानमंत्री के इस दौरे को बिहार के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम के लिए बनाया गया विशेष ट्रैफिक प्लान

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीएम ने ट्रैफिक व्यवस्था की भी जानकारी दी। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किये गये हैं। लोगों से अपील की गयी है कि वे निर्धारित रास्तों को लेकर किसी तरह के भ्रम में न रहें। टू व्हीलर, फोर व्हीलर समेत अन्य वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गयी है। आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए पहले से ही सभी वाहनों के रूट तय कर दिये गये हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिये सुचारू व्यवस्था के निर्देश

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिये थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभा स्थल तक लोगों का आवागमन आसान और व्यवस्थित रहे, इसके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। साथ ही वाहनों का परिचालन सुचारू रूप से हो, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया।

Share This Article