देवघर। देवघर जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी और अमानक सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन व्यापक अभियान चलायेगा। जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर विशेष टीमों का गठन कर छापेमारी की जायेगी। निर्माण और प्रसंस्करण से जुड़ी फैक्ट्रियों व उत्पादन इकाइयों की भी विशेष जांच होगी। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में डीसी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा परामर्शदात्री समिति की बैठक में यह निर्देश दिया गया।
खुदरा दुकानों के साथ फैक्ट्रियों की भी होगी जांच
बैठक में डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जांच अभियान केवल खुदरा दुकानों तक सीमित नहीं रहे। खाद्य पदार्थों के निर्माण और प्रसंस्करण से जुड़ी फैक्ट्रियों में भी जांच की जाये, ताकि उत्पादन स्तर पर ही गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने मिलावटखोरी और अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी करने को कहा।
जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर बनेगी विशेष टीम
मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया जायेगा। ये टीमें विभिन्न प्रतिष्ठानों और उत्पादन इकाइयों में औचक जांच करेंगी। प्रशासन का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होने देना है।
खाद्य सुरक्षा को लेकर लोगों को किया जायेगा जागरूक
डीसी ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित रखरखाव और मिलावट की पहचान से संबंधित सरकारी दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को जागरूक करने के साथ सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर अभियान की नियमित निगरानी करें।
बैठक में कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में डीडीसी पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, सिविल सर्जन, एसीएमओ, मुख्यालय डीएसपी, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी और समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

