बाघमारा। सीआईएसएफ इकाई, बीसीसीएल धनबाद ने अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध कोयला संग्रहण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इसके तहत 13 संवेदनशील स्थलों पर छापेमारी और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 5 मीट्रिक टन कोयला और लोहे के 5 पाइप बरामद किये गये। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में नाकेबंदी कर कुल 137 वाहनों की जांच भी की गयी।
दो क्षेत्रों में छापेमारी कर 5 टन कोयला जब्त
जेलगोड़ा क्षेत्र एरिया-10 की कुजामा माइंस के ऊपर कुजामा बस्ती के पास बीसीसीएल प्रबंधन के सहयोग से करीब 2 टन कोयला बरामद किया गया। वहीं, गोविंदपुर क्षेत्र एरिया-3 के महेशपुर कोल डंप की बाउंड्री वॉल के पीछे झाड़ियों और महेशपुर-टुंडू भुइयां बस्ती के समीप अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 3 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया। बरामद कोयला आवश्यक कार्रवाई के लिए बीसीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया।
137 वाहनों की जांच, ड्रोन से हुई निगरानी
अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में नाका लगाकर कुल 137 वाहनों की जांच की गयी। वहीं, 18 नवंबर 2026 को गोविंदपुर क्षेत्र एरिया-3 की खदानों और पहले से चिह्नित संवेदनशील हॉटस्पॉट स्थलों की ड्रोन के माध्यम से हवाई निगरानी की गयी। इसका उद्देश्य अवैध खनन और अवैध कोयला भंडारण पर नजर रखना था।
पाइप चोरी की सूचना पर कार्रवाई, 5 लोहे के पाइप बरामद
सिजुआ क्षेत्र एरिया-5 के ओल्ड कोल डंप के पास कार्यस्थल से पाइप चोरी की सूचना मिलने पर सीआईएसएफ ने त्वरित कार्रवाई की। बीसीसीएल प्रबंधन के सहयोग से निश्चितपुर यादव बस्ती के अंदर छापेमारी कर 8 से 10 इंच मोटाई वाले लोहे के कुल 5 पाइप के टुकड़े बरामद किये गये। बरामद पाइपों को भी आगे की कार्रवाई के लिए बीसीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया।
अवैध खनन और कोयला चोरी के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
भारत सरकार की ‘Zero Coal Leakage Tolerance Policy’ के तहत सीआईएसएफ इकाई, बीसीसीएल धनबाद द्वारा अवैध खनन और कोयला चोरी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसके तहत गश्त, ड्रोन सर्विलांस, क्यूआरटी/एसआरटी की तैनाती, छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाये जा रहे हैं। इन सभी कार्रवाइयों को बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से लगातार जारी रखा जायेगा।

