बाघमारा। अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध कोयला संग्रहण के खिलाफ CISF इकाई, BCCL धनबाद ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। अभियान के तहत जिले के 11 संवेदनशील स्थलों पर विशेष छापेमारी और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में नाका लगाकर कुल 122 वाहनों की जांच की गई।
बस्ताकोला से जियलगोरा तक छापेमारी, भारी मात्रा में कोयला बरामद
बस्ताकोला क्षेत्र के एरिया-9 कुइयाँ माइंस के ट्रांसपोर्टिंग रूट पर कोयला लोड वाहनों से अज्ञात लोग कोयला उतार रहे थे। QRT टीम को आते देख आरोपी करीब 20 बोरा कोयला, जिसका वजन लगभग 1.5 मीट्रिक टन था, छोड़कर फरार हो गए। बरामद कोयला आगे की कार्रवाई के लिए BCCL प्रबंधन को सौंप दिया गया। कतरास क्षेत्र के एरिया-4 मोदीडीह 04 नंबर बिजली घर के पास से करीब 80 बोरी कोयला बरामद कर खदान परिसर में डंप किया गया।
सिजुआ क्षेत्र के एरिया-5 SBC कोल डंप-16 के पास से एक बोरी कोयला (करीब 50 किलोग्राम) और एक TVS मोटरसाइकिल (JH-10-CE-0559) जब्त की गई। वहीं, जियलगोरा एरिया-10 के बरारी कोलियरी और BCCL अस्पताल के पीछे से करीब 150 बोरी अवैध कोयला बरामद हुआ। संकीर्ण और गड्ढायुक्त रास्ते के कारण इसे भी खदान परिसर में डंप किया गया।
अवैध खनन के मुहानों पर कार्रवाई, कई रास्ते किए गए बंद
अभियान के दौरान अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए भी कार्रवाई की गई। बरोरा क्षेत्र के एरिया-01 में दामोदा माइंस के पास दामोदा बस्ती के निकट एक अवैध मुहाने की BCCL प्रबंधन के सहयोग से भराई की गई। इसके साथ ही खदानों और संवेदनशील हॉटस्पॉट स्थलों की ड्रोन से निगरानी की गई। कतरास क्षेत्र के एरिया-04 में मोदीडीह 04 नंबर बिजली घर के पास एक अवैध मुहाने को भरा गया। भूमि माइंस के ऊपर पाण्डेयडीह बस्ती के पास से जाने वाले एक एस्केप रूट को भी बंद किया गया।
जियलगोरा में दो अवैध मुहानों की भराई, ड्रोन से हुई निगरानी
जियलगोरा क्षेत्र के एरिया-10 में बरारी कोलियरी और BCCL अस्पताल के पीछे दो अवैध मुहानों की BCCL प्रबंधन के सहयोग से भराई की गई। अभियान के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। वहीं, अलग-अलग क्षेत्रों में नाका लगाकर 122 वाहनों की जांच की गई, ताकि अवैध कोयला परिवहन पर रोक लगाई जा सके।
कोयला चोरी रोकने के लिए अभियान रहेगा जारी
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारत सरकार की “Zero Coal Leakage Tolerance Policy” के तहत अवैध कोयला कारोबार और खनन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इसके लिए नियमित गश्त, ड्रोन सर्विलांस, QRT/SRT की तैनाती, छापेमारी और वाहन जांच की जाएगी। यह अभियान BCCL प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से चलाया जाएगा।

